ई-रिक्शा में बैठी महिला के गले से 12 ग्राम सोने की चेन झपटी
-पीछा रोकने के लिए ई-रिक्शा के पहिए की हवा निकाली, फर्जी नंबर प्लेट लगाए हुए थे बदमाश
पटना (टीएचटी) । पटना में चेन स्नेचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। सोमवार को श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्र स्थित चुन्नीलाल मेगा मार्ट परिसर में बाइक सवार दो बदमाशों ने ई-रिक्शा में बैठी एक महिला के गले से करीब 12 ग्राम वजनी सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। पीड़िता ने चेन की कीमत लगभग 1.20 लाख रुपये बताई है। जिसके बाद इसम मामले में श्रीकृष्णापुरी थाना में पीड़ित महिला प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पीड़िता दिव्या कुमारी (38) एक शिक्षक की पत्नी हैं। उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह रूपसपुर के कालिकेत नगर से ई-रिक्शा रिजर्व कर खरीदारी के लिए लक्ष्मी कॉम्प्लेक्स आई थीं। खरीदारी पूरी करने के बाद जब वह परिसर से बाहर निकलकर ई-रिक्शा में बैठीं, तभी बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और चौराहे की ओर फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वारदात से पहले दोनों बदमाश कुछ देर तक परिसर के आसपास घूमकर रेकी कर रहे थे। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
घटना के बाद दिव्या कुमारी ने ई-रिक्शा चालक से बदमाशों का पीछा करने को कहा, लेकिन तब पता चला कि किसी ने ई-रिक्शा के अगले पहिए की हवा निकाल दी थी। आशंका जताया गया कि बदमाशों ने पहले से ही पीछा रोकने के उद्देश्य से ई-रिक्शा के पहिए की हवा निकाल दी थी। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे बाइक नंबर के आधार पर वाहन मालिक तक पहुंचने की कोशिश की। हालांकि जांच में सामने आया कि जिस नंबर प्लेट का इस्तेमाल अपराधी कर रहे थे, उस नंबर की असली बाइक उसके मालिक के घर पर खड़ी थी। इससे स्पष्ट हो गया कि बदमाश फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे।
पटना के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हाल के दिनों में कई चेन स्नेचिंग और लूट की घटनाओं हुई है। दो दिन पहले रूपसपुर और दानापुर में चेन झपटने की घटना हुई थी, करीब 16 दिन पहले बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र में एक महिला और उनकी बहू से लाखों रुपये मूल्य की सोने की चेन छीन ली गई थी। उस मामले में भी अब तक अपराधियों का सुराग नहीं मिल सका है। वहीं पिछले माह कदमकुआं में चेन झपटने की घटना हुई थी।
वहीं, पिछले माह में शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र के समनपुरा इलाके में बाइक सवार तीन अपराधियों ने एक दंपती को बीच सड़क पर रोककर हथियार के बल पर उनकी सोने की चेन लूट ली थी। विरोध करने पर बदमाशों ने दंपती के साथ मारपीट भी की थी।
श्रीकृष्णापुरी थानाध्यक्ष जितेंद्र राणा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने करीब डेढ़ किलोमीटर तक के कैमरों की फुटेज खंगाली है। उन्होंने कहा कि अपराधियों द्वारा इस्तेमाल किया गया बाइक नंबर भी फर्जी पाया गया है। कैमरों के माध्यम से उनके आने और जाने के पूरे रूट की जांच की जा रही है।