Today Hind Times

post

दलदली रोड में देर रात भीषण आग, घर जलकर खाक

पटनाl  गांधी मैदान थाना क्षेत्र स्थित दलदली रोड में सोमवार की देर रात करीब 2:30 बजे भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रेम कुमार के मकान में अचानक भड़की आग ने कुछ ही मिनटों में पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस घटना में घर का सारा सामान जलकर राख हो गया, हालांकि समय रहते आग को आसपास फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पूरे आग को काबू पाने में 17 दमकल लगा। प्रेम कुमार के दूसरे और तीसरे तल्ले पर आग लगी थी।
रोलेक्सन उतार रहे मदूजर दीपू कुमार ने बताया कि ढाई बजे रात को दलदली निवासी प्रेम कुमार के खिड़की से आग देखा, वहीं देखते ही देखते आग पूरे तरह से फैल गया, जिसके बाद मैंने इसकी तत्काल जानकारी फायर कंट्रोल रूम को दिया। जिसके बाद दमकल की गाड़िया पहुंची। आग पूरे बिल्डिंग को अपने लपेटे में ले लिया था। आग इतनी तेजी से फैली कि महज 5 मिनट के भीतर पूरी इमारत धू-धू कर जलने लगी। आग की तेज लपटें देखकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए, जिससे इलाके में दहशत की स्थिति बन गई।
अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।  संकरी गलियों के कारण दमकल वाहनों को पहुंचने में कठिनाई हुई, लेकिन टीम ने साइड से सीढ़ी लगाकर पानी की बौछार करते हुए आग बुझाने का काम जारी रखा। करीब ढाई घंटे की मेहनत के बाद सुबह 5:30 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
आग की इस घटना में घर के अंदर रखा फर्नीचर, फ्रिज समेत अन्य कीमती सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि अग्निशमन विभाग पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रहा है। मौके पर लोदीपुर, पटना सिटी, कंकड़़बाग और सचिवालय से छोटी-बड़ी मिलाकर करीब 18 दमकल गाड़ियां पहुंची थीं।