दोस्त को बचाने गंगा में कूदा किशोर, खुद डूबकर मौत
पटना, (टीएचटी)। दीघा थाना क्षेत्र के जर्नादन घाट पर रविवार को नहाने के दौरान दो किशोर गंगा में डूबने लगे। इस दौरान एक किशोर किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आया, जबकि दूसरे की डूबने से मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही दीघा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने कुछ देर की तलाश के बाद डूबे किशोर का शव नदी से बरामद कर लिया।
मृतक की पहचान हर्ष कुमार (14) के रूप में हुई है। वह राकेश प्रसाद का पुत्र था और पटना के हवाई अड्डा थाना क्षेत्र स्थित खाजपुरा के ब्रह्मस्थान शिव मंदिर इलाके में रहता था। मूल रूप से उसका परिवार नालंदा जिले के खोदागंज कोचरा गांव का निवासी है। हर्ष अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और सातवीं कक्षा में पढ़ता था।
परिजनों के अनुसार, रविवार सुबह करीब 7:47 बजे हर्ष के दोस्त एमी ने उसे मोबाइल पर मैसेज कर साढ़े नौ बजे मेरिन ड्राइव चलने के लिए बुलाया था। इसके बाद एमी उसे घर से अपने साथ ले गया। बाद में परिवार को सूचना मिली कि हर्ष जर्नादन घाट पर डूब गया है। परिजन जब घाट पर पहुंचे, तब एनडीआरएफ की टीम नदी में खोजबीन कर रही थी। कुछ देर बाद हर्ष का शव बाहर निकाला गया।
पुलिस के मुताबिक, नहाने के दौरान हर्ष का दोस्त एमी गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए हर्ष तुरंत गंगा में कूद गया। इस दौरान एमी तो किसी तरह बच गया, लेकिन हर्ष खुद गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हर्ष के पिता राकेश प्रसाद ने बताया कि वह खाजपुरा में मजदूरी कर अपने बेटे की पढ़ाई करा रहे थे। बेटे की असमय मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है।
इकलौते पुत्र की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।