Today Hind Times

post

एम्स पटना को एक्सिस बैंक ने दी 22 लाख की अत्याधुनिक इन्क्यूबेटर मशीन, गंभीर नवजातों को मिलेगा बेहतर उपचार

कार्यकारी निदेशक बोले- कॉर्पोरेट सहयोग से मजबूत होंगी स्वास्थ्य सेवाएं, एक्सिस बैंक ने भविष्य में भी सहयोग का जताया भरोसा

पटना (टीएचटी)। समय से पहले जन्म लेने वाले, कम वजन वाले और गंभीर रूप से बीमार नवजात शिशुओं के बेहतर उपचार के लिए एम्स पटना को एक्सिस बैंक की ओर से 22 लाख रुपये लागत की अत्याधुनिक नियोनेटल इन्क्यूबेटर मशीन उपलब्ध कराई गई है। बैंक ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के तहत यह मशीन एम्स पटना के नवजात शिशु रोग (नियोनेटोलॉजी) विभाग को भेंट की है। गुरुवार को विभाग के सेमिनार कक्ष में आयोजित समारोह में इसका उद्घाटन किया गया।

इन्क्यूबेटर का उद्घाटन एम्स पटना के कार्यकारी निदेशक प्रो. (ब्रिग.) डॉ. राजू अग्रवाल और एक्सिस बैंक के बिहार सर्किल हेड धीरज कुमार राय ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

अत्याधुनिक नियोनेटल इन्क्यूबेटर समय से पहले जन्मे, कम वजन वाले और गंभीर रूप से बीमार नवजात शिशुओं के उपचार में अहम भूमिका निभाएगा। यह शिशुओं के शरीर का तापमान नियंत्रित रखने, संक्रमण के खतरे को कम करने, वजन की सुरक्षा करने तथा उन्हें सुरक्षित और नियंत्रित वातावरण उपलब्ध कराने में सहायक होगा, जिससे उनके जीवित रहने और स्वस्थ होने की संभावना बढ़ेगी।

इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक प्रो. (ब्रिग.) डॉ. राजू अग्रवाल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने एक्सिस बैंक के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहलें आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के साथ जरूरतमंद मरीजों, विशेषकर नवजात शिशुओं, के जीवन को सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।

एक्सिस बैंक के बिहार सर्किल हेड धीरज कुमार राय ने कहा कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन बैंक की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह इन्क्यूबेटर अनेक नवजात शिशुओं के जीवन की रक्षा में सहायक साबित होगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी एम्स पटना के साथ रोगी हित में इस तरह की जनकल्याणकारी सीएसआर पहल जारी रहेगी।

समारोह में एम्स पटना के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रशांत कुमार सिंह, उपनिदेशक (प्रशासन) नीलोत्पल बल, डॉ. भबेश कांत चौधरी, वित्तीय सलाहकार एवं मुख्य लेखा अधिकारी विशाल कुमार, डॉ. रिची, डॉ. सौरभ, संस्थान के संकाय सदस्य, वरिष्ठ रेजिडेंट, स्नातकोत्तर छात्र, नर्सिंग अधिकारी तथा अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक्सिस बैंक की ओर से बिहार सर्किल हेड धीरज कुमार राय, टीएएससी सर्किल हेड विशाल कुमार, सीनियर मैनेजर सुमंत कुमार, क्लस्टर हेड भगवती कुमार, ब्रांच हेड प्रीतम सिन्हा समेत बैंक के कई अधिकारी और कर्मचारी समारोह में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान एम्स पटना और एक्सिस बैंक ने रोगी सेवा, आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार तथा समाज के कल्याण के लिए भविष्य में भी मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई। अंत में डॉ. भबेश कांत चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए एक्सिस बैंक के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि यह सहयोग नवजात शिशुओं के उपचार को और अधिक सशक्त बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।