Today Hind Times

post

बिहटा मोबाइल चोरी कांड का खुलासा, फुलवारीशरीफ और गयाजी से बदमाश गिरफ्तार

पटना( टीएचटी)l  बिहटा थाना क्षेत्र में हुई बड़ी मोबाइल चोरी की घटना का पुलिस ने  खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि घटना बिहटा में हुई थी, जबकि मुख्य आरोपित को फुलवारीशरीफ से पकड़ा गया। पुलिस ने दोनों के पास से चोरी के कुल 7 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, 1 मार्च  की रात बिहटा थाना अंतर्गत कन्हौली बाजार स्थित एक मोबाइल दुकान से 72 मोबाइल फोन और अन्य सामान की चोरी हो गई थी। मामले में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 27 मार्च को अफताब आलम को फुलवारीशरीफ से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से चोरी के 6 मोबाइल बरामद किए गए। पूछताछ में उसने अपने सहयोगी मो. साबिर आलम का नाम बताया, जिसके बाद पुलिस ने गया जिले से उसे गिरफ्तार कर एक मोबाइल बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए बाकी मोबाइल की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई में बिहटा थाना की टीम और तकनीकी सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।