Today Hind Times

post

पीएमसीएच के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में आग, मशीनें और एचआईवी नमूने जलकर नष्ट

-लाइब्रेरी की किताबों समेत विभाग को भारी नुकसान, हताहत होने की सूचना नहीं

पटना (टीएचटी)। बिहार के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में सोमवार को आग लग गई। आग लगने से विभाग में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
माइक्रोबायोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष (एचओडी) डॉ. प्रतुल्य नंदन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग की चपेट में आने से विभाग की कई महत्वपूर्ण मशीनें, लाइब्रेरी में रखी किताबें तथा एचआईवी मरीजों से लिए गए नमूने जलकर नष्ट हो गए।
घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। आग लगने से विभाग को हुए कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने अथवा जानमाल के नुकसान की सूचना खबर लिखे जाने तक नहीं मिली थी। अस्पताल परिसर में अचानक लगी आग से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। समय रहते दमकलकर्मियों की कार्रवाई से आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया।