बारूदी सुरंग विस्फोट में जेसीओ समेत चार जवान घायल
घायलों में दो अग्निवीर भी शामिल, अस्पताल में चल रहा उपचार
राजौरी। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास मंगलवार को बारूदी सुरंग विस्फोट में सेना के एक जूनियर कमीशन अधिकारी (जेसीओ) समेत चार जवान घायल हो गए।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे सीमावर्ती गांव कलाल के निकट एलओसी पर गश्त के दौरान अचानक बारूदी सुरंग में विस्फोट हो गया। विस्फोट की चपेट में आने से एक जेसीओ और दो अग्निवीरों सहित चार सैन्यकर्मी घायल हो गए।
घटना के बाद सेना के जवानों ने तत्काल बचाव अभियान चलाते हुए घायलों को नजदीकी सैन्य अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। सेना की ओर से घटना की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।