Today Hind Times

post

सर्वमंगला सांस्कृतिक मंच के स्थापना दिवस पर लोक कला उत्सव का भव्य आयोजन

पटना (टीएचटी) सर्वमंगला सांस्कृतिक मंच के 12वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को वाल्मी स्थित “यादें बैंक्वेट हॉल” में भव्य लोक कला उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के माननीय मंत्री रामकृपाल यादव, फुलवारी शरीफ विधायक श्याम रजक तथा नगर अध्यक्ष आफताब आलम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक गणेश वंदना से हुई, जिसके बाद लोक नृत्य, संगीत और मनमोहक झांकियों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं लोक संगीत की विविध विधाओं ने सांस्कृतिक विरासत की समृद्ध झलक पेश की।
इस दौरान सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संदेश देता नाटक “दुल्हन चाहिए, दहेज नहीं” विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। सर्वमंगला सांस्कृतिक मंच के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत इस नाटक के माध्यम से बाल विवाह, कन्या भ्रूण हत्या, नशाखोरी, महिला उत्पीड़न और दहेज प्रथा जैसी कुरीतियों के विरुद्ध जोरदार जागरूकता संदेश दिया गया। नाटक की परिकल्पना और लेखन संस्था के सचिव महेश चौधरी द्वारा किया गया, जबकि निर्देशन मिथिलेश कुमार पांडेय ने किया। कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय से पूरा सभागार तालियों की गूंज से भर उठा।
कार्यक्रम में संस्था के सचिव महेश चौधरी, सचिन कुमार, सुधीर कुमार एवं मो. मुर्शीद वारसी ने अतिथियों का अंगवस्त्र, बुके और मेमेंटो देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए कई प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। देवस्थल निर्माण, सामाजिक सेवा, मूर्ति कला, चिकित्सा और पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को अवार्ड प्रदान किए गए। साथ ही 60 से अधिक प्रतिभागियों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
अपने स्वागत भाषण में सचिव महेश चौधरी ने कहा कि इस तरह के आयोजन बिहार की गौरवशाली लोक संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक समरसता को मजबूती प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे l