भागलपुर के सहारा वृद्धाश्रम में विधिक जागरूकता शिविर, 49 बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच
पटना (टीएचटी)l भागलपुर स्थित सहारा वृद्धाश्रम में रविवार को विधिक जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर सामाजिक सुरक्षा निदेशालय, समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत उमंग बाल विकास आवासीय दिव्यांग प्रशिक्षण संस्थान द्वारा संचालित वृद्धाश्रम में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का आयोजन बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पटना के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), पटना के सौजन्य से किया गया।

शिविर का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और “विधिक सेवाएं वरिष्ठ नागरिक योजना, 2016” के तहत मिलने वाली सुविधाओं के प्रति जागरूक करना था। इस मौके पर सिविल कोर्ट, पटना सिटी के न्यायिक पदाधिकारी मोहम्मद मंजूर आलम एवं पैनल अधिवक्ता राज किशोर पंडित ने बुजुर्गों को वरिष्ठ नागरिक अधिनियम, 2007, निःशुल्क विधिक सहायता और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की सरल जानकारी दी।
कार्यक्रम में उमंग बाल विकास संस्थान के सहायक सचिव की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। साथ ही सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष सत्र आयोजित किए गए, जिसमें योग, तनाव प्रबंधन और हल्के व्यायाम के माध्यम से स्वस्थ जीवन के उपाय बताए गए। बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक इसमें भाग लिया।
इस दौरान DLSA पटना के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया, जिसमें कुल 49 वरिष्ठ नागरिकों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया गया। कार्यक्रम के बाद न्यायिक अधिकारियों की टीम ने वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया, जिसमें भोजन, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं और सामाजिक योजनाओं के क्रियान्वयन को संतोषजनक पाया गया।
नगर निगम द्वारा निर्मित 100 बेड वाले इस वृद्धाश्रम में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। शिविर के दौरान लाभार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं। अंत में सभी वरिष्ठ नागरिक संतुष्ट और प्रसन्न नजर आए।