Today Hind Times

post

पटना से कुरियर से 16 लाख की शराब बरामद

पटना (टीएचटी)। जक्कनपुर थाना क्षेत्र में करबिगहिया ट्रैफिक पोस्ट के पास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वैन से करीब 16 लाख रुपये मूल्य की 881 लीटर शराब बरामद की है। तस्करों ने शराब को कुरियर के जरिए ‘हाइड्रो केमिकल’ के नाम पर मंगाया था। मामले में पुलिस ने एक एजेंट धर्मेंद्र कुमार (23) को गिरफ्तार किया है, जबकि चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब 10:49 बजे ट्रैफिक पोस्ट पर तैनात टीम ने एक संदिग्ध पिकअप वैन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला। इसके बाद ट्रैफिक में तैनात महिला सिपाही संगीता ने वैन में रखे कार्टनों को देखकर संदेह जताया और इसकी सूचना जक्कनपुर थाने को दी।
सूचना मिलने पर पहुंची गश्ती टीम पिकअप वैन को थाना ले गई। जांच के दौरान अलग-अलग कार्टनों से कुल 881 लीटर शराब बरामद हुई, जो चंडीगढ़ निर्मित बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब को कुरियर के माध्यम से पटना मंगाया गया था। कार्टनों को ‘हाइड्रो केमिकल’ के नाम पर बुक किया गया था, जबकि उनके अंदर शराब छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने संबंधित कुरियर कंपनी के एक कर्मी को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
गिरफ्तार तस्कर धर्मेंद्र कुमार, जो मेहंदीगंज थाना क्षेत्र का निवासी है, ने पूछताछ में बताया कि शराब की खेप पटना सिटी में डिलीवर की जानी थी। उसने मुख्य तस्कर का नाम भी उजागर किया है, जिसके आधार पर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। प्रारंभिक जांच में इस तस्करी नेटवर्क के तार चंडीगढ़, राजस्थान समेत अन्य राज्यों से जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी है और यह पता लगा रही है कि इस धंधे में कौन-कौन लोग संलिप्त हैं।
फिलहाल फरार चालक और मुख्य तस्कर की तलाश में छापेमारी जारी है। जक्कनपुर थानेदार ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है, जिसमें यह पता लगाया जा रहा है कि शराब कहां से लाई गई और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।