Today Hind Times

post

फुलवारीशरीफ में प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव, 17 सदस्यों ने दिया आवेदन

पटना (टीएचटी)l पटना जिले के फुलवारीशरीफ प्रखंड में प्रखंड प्रमुख ज्योति देवी की कुर्सी एक बार फिर खतरे में नजर आ रही है। पंचायत समिति के अधिकांश सदस्यों ने एकजुट होकर उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की पहल शुरू कर दी है। कुल 20 सदस्यों में से 17 ने प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार मिश्रा को लिखित आवेदन देकर प्रमुख की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। सदस्यों का आरोप है कि समिति की बैठकों का नियमित आयोजन नहीं हो रहा है, जिससे विकास योजनाओं की समीक्षा और क्रियान्वयन प्रभावित हो रहा है।

संतुलित विकास पर सवाल, विशेष बैठक की तैयारी
आवेदन देने वाले सदस्यों ने यह भी कहा कि योजनाओं की राशि का समान और पारदर्शी वितरण नहीं होने से कई पंचायतों में असंतोष है। उनका कहना है कि समय पर सूचना नहीं मिलने से कई प्रतिनिधि निर्णय प्रक्रिया से बाहर रह जाते हैं, जिससे जनहित के कार्य बाधित होते हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी जनवरी 2024 में अविश्वास प्रस्ताव लाने की कोशिश हुई थी, जो पूरी प्रक्रिया के अभाव में अधूरी रह गई थी। इस बार बहुमत के समर्थन के साथ मामला फिर जोर पकड़ रहा है।
इधर, बीडीओ विजय कुमार मिश्रा ने बताया कि आवेदन प्राप्त हो गया है और नियमानुसार जांच की जा रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद विशेष बैठक बुलाकर आगे का निर्णय लिया जाएगा।