बिहार विधान परिषद की 10 सीटों के लिए नामांकन शुरू, 18 जून को मतदान
8 जून तक दाखिल होंगे नामांकन पत्र, विधानसभा कोटे की सीटों के लिए विधायक करेंगे मतदान
पटना (टीएचटी)। बिहार विधान परिषद की खाली 10 सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया रविवार से शुरू हो गई। इन सीटों के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 1 जून से शुरू हो गई है। इनमें विधानसभा कोटे की कुल 10 सीटें शामिल हैं, जिनमें नौ सीटों पर छह वर्ष के नियमित कार्यकाल के लिए द्विवार्षिक चुनाव होगा, जबकि एक सीट पर शेष चार वर्ष के कार्यकाल के लिए उपचुनाव कराया जाएगा। इन सभी सीटों के लिए मतदान 18 जून को होगा। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार उम्मीदवार 8 जून तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। विधान परिषद की इन सीटों के लिए विधायक मतदान करेंगे, क्योंकि सभी सीटें विधानसभा कोटे की हैं।
उपचुनाव पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार के विधान परिषद सदस्य पद से इस्तीफा देने के कारण रिक्त हुई सीट पर कराया जा रहा है। इस सीट का कार्यकाल अभी चार वर्ष शेष है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस सीट पर जनता दल (यूनाइटेड) का ही उम्मीदवार मैदान में उतरेगा।
हालांकि, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के नाम को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं, लेकिन राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कम अवधि का कार्यकाल होने के कारण जरूरी नहीं कि पार्टी उन्हें ही इस सीट से उम्मीदवार बनाए। माना जा रहा है कि यदि भविष्य में निशांत कुमार विधानसभा चुनाव लड़ने की योजना बनाते हैं, तो वर्तमान परिस्थिति में उन्हें चार वर्ष के शेष कार्यकाल वाली सीट पर भेजा जा सकता है। वहीं, बाकी नौ सीटों पर छह वर्ष के पूर्ण कार्यकाल के लिए चुनाव कराया जा रहा है। इन सीटों के लिए विभिन्न राजनीतिक दल अपने उम्मीदवारों के नामों पर मंथन कर रहे हैं। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। 18 जून को मतदान के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे और निर्वाचित सदस्य विधान परिषद में अपना कार्यकाल शुरू करेंगे।