Today Hind Times

post

पटना में ड्रग्स का बड़ा खेल बेनकाब, 25 करोड़ की स्मैक के साथ दो तस्कर दबोचे

पटना (टीएचटी)l पटना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 25 करोड़ रुपये मूल्य की स्मैक/ब्राउन शुगर बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को हाल के समय की सबसे बड़ी ड्रग्स बरामदगी में से एक माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, 27 मार्च को गुप्त सूचना मिली थी कि आलमगंज थाना क्षेत्र के गांधी सेतु के पूर्व स्थित एक अपार्टमेंट के कमरे में भारी मात्रा में नशीले पदार्थ रखे गए हैं। सूचना के सत्यापन के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर अपार्टमेंट की घेराबंदी की और छापेमारी की।
छापे के दौरान दो संदिग्ध भागने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ में उनकी पहचान जितेंद्र कुमार (समस्तीपुर) और नितीश कुमार (जहानाबाद) के रूप में हुई। कमरे की तलाशी में करीब 1 किलो से अधिक तैयार ब्राउन शुगर, 2.15 लाख रुपये नकद, कई मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किए गए।
इसके बाद गिरफ्तार आरोपी जितेंद्र कुमार की निशानदेही पर रामकृष्णानगर के खेमनीचक स्थित एक किराए के मकान में छापेमारी की गई। यहां से 16 किलो स्मैक (कट और पाउडर), 3.5 किलो अन्य मादक पदार्थ, डिजिटल तराजू, पिस्टल, जिंदा कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक बरामद सभी मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 25 करोड़ रुपये आंकी गई है। मामले में आलमगंज थाना में कांड दर्ज कर लिया गया है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह गिरोह बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थों की सप्लाई में संलिप्त था और इसके तार अन्य राज्यों से भी जुड़े होने की आशंका है।