रेलवे लाइन पार करते समय शिक्षक की ट्रेन से कटकर मौत
पटना (टूडे हिन्द टाइम्स)। राजधानी पटना के परसा बाजार थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन पार करने के दौरान एक शिक्षक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह हादसा मंगलवार शाम करीब पांच बजे कुरथौल ब्रह्मस्थानी के पास हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
घटना की सूचना मिलते ही परसा बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर मिले मोबाइल नंबर के आधार पर मृतक की पहचान की गई, जिसके बाद पुलिस ने परिजनों और उनके साथियों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
मृतक की पहचान सारण जिले के जलालपुर नवादा मठिया गांव निवासी सूर्यकांत आर्या (35) के रूप में हुई है। उनके मित्र राजेश कुमार ने बताया कि सूर्यकांत आर्या वर्तमान में पुनपुन प्रखंड के शेखपुरा पुनपुन स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में शिक्षक थे और पटना के न्यू पुरेंद्रपुर, जक्कनपुर में रहते थे। वे शादीशुदा थे।
बताया गया कि स्कूल से छुट्टी होने के बाद वह छठ को लेकर कुरथौल ब्रह्मस्थानी मोहल्ले में अपने एक दोस्त से मिलने जा रहे थे। इसी दौरान वह बाइक से रेलवे लाइन पार कर रहे थे। रेलवे ट्रैक पार करते समय अचानक ट्रेन आ गई और वह उसकी चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनकी बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। परसा बाजार थाना के प्रभारी थानेदार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।