नशीला पेय पिलाकर युवती से दुष्कर्म, आरोपी फरार
पटना। शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही 26 वर्षीय युवती के साथ होटल में दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस मामले में युवती ने अपने बॉयफ्रेंड अभिजीत (28) पर आरोप लगाया है, जो घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।
थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, अभिजीत ने 13 मार्च की रात युवती को शास्त्रीनगर स्थित एक होटल में मिलने के लिए बुलाया था। वहां उसने युवती को शराब पिलाई, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद आरोपी उसे बेहोशी की हालत में छोड़कर दूसरे कमरे में चला गया। करीब दो घंटे बाद जब उसे होश आया तो उसने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से फरार हो चुका था।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पिछले लगभग छह वर्षों से संबंध थे। पटना में पढ़ाई के दौरान उनकी मुलाकात हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। पिछले चार महीनों से दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। युवती का आरोप है कि अभिजीत ने शादी का झांसा देकर उसका शोषण किया।
पीड़िता को हाल ही में यह जानकारी मिली थी कि आरोपी किसी अन्य महिला से शादी की तैयारी कर रहा है। इसी बात को लेकर 13 मार्च की रात होटल में दोनों के बीच विवाद भी हुआ था।
पीड़िता ने 15 मार्च को थाने में आवेदन दिया था। इसके बाद 23 मार्च को परिजनों के साथ पहुंचकर उसने पुलिस के समक्ष विस्तृत बयान दर्ज कराया। इसके बाद मामला स्पष्ट रूप से सामने आया और केस दर्ज किया गया।
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा एफएसएल टीम को भी जांच में लगाया गया है। अधिकारियों के अनुसार, उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है।