Today Hind Times

मॉल घुमाने के बहाने नाबालिग छात्रा के साथ किया दुष्कर्म
www.todayhindtimes.com 20 Sep 111 views क्राइम

मॉल घुमाने के बहाने नाबालिग छात्रा के साथ किया दुष्कर्म

छात्रा का मेडिकल कराया गया, मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपित की तलाश में जुटी पुलिस

पटना (टीएचटी)।
शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र की एक महिला कॉलेज में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। छात्रा स्नातक प्रथम वर्ष की बतायी जा रही है। परिजनों की शिकायत पर शास्त्रीनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने छात्रा का मेडिकल भी कराया है।
पुलिस के अनुसार, छात्रा शुक्रवार को कॉलेज के पास थी। इसी दौरान उसका परिचित युवक उसे मॉल घुमाने की बात कहकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि युवक उसे बाईपास इलाके के एक कमरे में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद छात्रा घर पहुंची और परिजनों को इसकी जानकारी दी।
इसके बाद परिजन छात्रा को लेकर शास्त्रीनगर थाने पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने छात्रा का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। रविवार को छात्रा का गर्दनीबाग स्थित सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराया गया।
पुलिस के मुताबिक, छात्रा ने आरोपित का मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया है। तकनीकी जांच के जरिए पुलिस आरोपित की पहचान और उसके संभावित ठिकाने का पता लगाने में जुटी है। पुलिस ने आरोपित की पहचान कर लेने का दावा किया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
शास्त्रीनगर थाने के प्रभारी थानेदार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस छात्रा और आरोपित के बीच पूर्व परिचय समेत अन्य बिंदुओं की भी जांच कर रही है।