Today Hind Times

पटना में 27 सितम्बर को स्केटिंग मैराथन, विजेता प्रतिभागी होंगे पुरस्कृत
www.todayhintimes.com 26 Sep 85 views खेल

पटना में 27 सितम्बर को स्केटिंग मैराथन, विजेता प्रतिभागी होंगे पुरस्कृत

तीन, पांच और 10 किमी की श्रेणियां, मरीन ड्राइव पर यातायात रहेगा प्रभावित

पटना, टीएचटी। सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए रविवार को पटना में रोड सेफ्टी स्केटिंग मैराथन आयोजित की जाएगी। कम्युनिटी ट्रैफिक पुलिस, एनसीसी एलुमनी एसोसिएशन और एनसीसी उड़ान के संयुक्त सहयोग से होने वाले इस आयोजन के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित तरीके से सड़क का इस्तेमाल करने का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम का उद्घाटन अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात) करेंगे।

यातायात एसपी सागर कुमार ने बताया कि मैराथन सुबह पांच बजे शुरू होगी और आठ बजे तक चलेगी। स्केटिंग दीघा गोलंबर से शुरू होकर एलसीटी घाट तक जाएगी। प्रतिभागियों के लिए तीन, पांच और 10 किलोमीटर की अलग-अलग श्रेणियां रखी गई हैं। इसमें हर उम्र के लोग भाग ले सकेंगे। युवाओं, विशेषकर जेनजी को सड़क सुरक्षा अभियान से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया गया है। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

एसपी के अनुसार, सड़क सुरक्षा को लेकर पूर्व में कार रैली, बाइक रैली, साइकिल रैली और फुट मार्च जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं। इस बार स्केटिंग को माध्यम बनाकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मैराथन में शामिल होने के लिए पंजीकरण नि:शुल्क रखा गया है। प्रतिभागियों का पंजीकरण ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होगा। प्रतिभागियों से आवश्यक सुरक्षा सामग्री और किट के साथ प्रतियोगिता में शामिल होने की अपील की गई है।

मैराथन के कारण रविवार सुबह पांच से आठ बजे तक मरीन ड्राइव पर यातायात प्रभावित रहेगा। आयोजन के दौरान मरीन ड्राइव से आने-जाने वाले वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है। आयोजन का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के साथ लोगों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता बढ़ाना है ।