Today Hind Times

पटना के पुनाईचक में रिटायर्ड चीफ इंजीनियर से दो सोने की चेन झपटी
www.todayhindtimes.com 20 Sep 71 views क्राइम

पटना के पुनाईचक में रिटायर्ड चीफ इंजीनियर से दो सोने की चेन झपटी

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

पटना (टीएचटी)।
शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह बाइक सवार बदमाशों ने रिटायर्ड चीफ इंजीनियर को निशाना बनाकर सोने की दो चेन झपट लीं। घटना पुनाईचक स्थित हर्बल पार्क के पास सुबह करीब सात से साढ़े सात बजे के बीच हुई। वारदात के बाद दोनों बदमाश बाइक से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, शारदानंद शर्मा शास्त्रीनगर स्थित विनाशरी अपार्टमेंट में रहते हैं। वह रोज की तरह सुबह हर्बल पार्क में टहलने गए थे। घर लौटने के दौरान पीछे से बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने मौका मिलते ही उनके गले से दोनों सोने की चेन झपट ली। अचानक हुई घटना के बाद बदमाश तेज रफ्तार में वहां से निकल गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने डायल-112 पर सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू की। शास्त्रीनगर प्रभारी थानेदार अभय कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर संदिग्ध बदमाशों की पहचान की गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई चल रही है। पीड़ित की ओर से थाने में लिखित शिकायत दिए जाने की प्रक्रिया भी चल रही है।